
आदिवासी समाज को भी अपने सपने को पूरा करने का हकः राहुल गांधी
जयपुर- 09 अगस्त। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी समाज को भी अपने सपने पूरा करने का हक है। कांग्रेस की सरकार आदिवासियों के हित में सोचने वाली सरकार है। राहुल ने खुद को उनका सिपाही बताते हुए कहा कि आज जब चाहें मुझे तलब कर अपनी समस्या बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों ने मानगढ़ धाम पर अंग्रेजों से लोहा लेते हुए बलिदान दिया, उनका देश सदैव आभारी रहेगा। उन्होंने मणिपुर के हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज हमें नफरत और हिंसा फैलाने वाले तत्वों से सजग रहने की जरूरत है। हमें देश में प्रेम, शान्ति और अहिंसा को बढ़ाना होगा।
सांसद राहुल गांधी बुधवार को बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ धाम पर आयोजित विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गांधी ने विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपनी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र कर कहा कि उन्होंने समझाया था कि आदिवासी इस देश के प्रथम व मूल निवासी है। देश के संसाधनों पर उनका सबसे पहला अधिकार है। आज के आधुनिक कहलाने वाले समाज को जल, जंगल और जमीन का रिश्ता आदिवासियों से सीखना चाहिए।
आजादी की लड़ाई में आदिवासियों के योगदान का जिक्र कर राहुल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए नया शब्द गढ़ा है। भाजपा उन्हें वनवासी कहती है। वनवासी का मतलब है जंगल में रहने वाले, भाजपा चाहती है कि आप जंगल में ही रहो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों से जमीन लेकर उद्योगपति को दे देती है। यह आदिवासी समाज का अपमान है। यह देश का अपमान है। कांग्रेस आपको आदिवासी कहती है। यह पूरा देश आपका है। आप जो चाहें वह करें, जहां चाहें वहां करें और उसमें सफलता प्राप्त करें। कांग्रेस आदिवासी समाज को अवसर देना चाहती है।
राहुल गांधी लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेने के बाद इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुए थे। संसद में अपने भाषण का जिक्र कर राहुल ने कहा कि भाजपा ने हिंदुस्तान की आवाज को दबाया है। तीन-चार महीने से मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री चुप हैं। ऐसा लग रहा है कि मणिपुर देश का भाग ही नहीं है। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि मणिपुर में आग जलती रहनी चाहिए।
उन्होंने राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सरकार द्वारा गरीब तथा आदिवासियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किए जा रहे है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना देश की सबसे बेहतर स्वास्थ्य योजना है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारा सपना है। राज्य सरकार ने आदिवासियों के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए क्षेत्र विशेष के लिए जनहितैषी योजनाएं संचालित कर हर व्यक्ति को लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मानगढ़ को राष्ट्रीय स्मारक घोषित नहीं किए जाने पर अब राज्य सरकार धाम के विकास में 100 करोड़ रुपये व्यय करेगी।
उन्होंने कहा कि मुल्क की आजादी के लिए गोविंद गुरू के नेतृत्व में हजारों आदिवासियों ने बलिदान दिया। राज्य सरकार द्वारा उनकी शहादत में राजकीय अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही, क्षेत्र के बेणेश्वर धाम पर पुल सहित अन्य कार्यों के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और आमजन के लिए बहुउपयोगी 2500 करोड़ रुपये की अपर हाई लेवल कैनाल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को 200 करोड़ रुपये की छात्रवृति वितरित की गई है। साथ ही, 219 छात्रावासों में हजारों विद्यार्थी रहकर अपना भविष्य संवार रहे हैं।
गहलोत ने मणिपुर में हो रही हिंसक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से देश की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया कि इस समस्या का जल्द समाधान कर मणिपुर में शांति बहाल की जाए।
गहलोत ने कहा कि प्रदेश में ओबीसी आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए सरकार निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग द्वारा 21 प्रतिशत आरक्षण को 27 प्रतिशत करने तथा मूल ओबीसी के लिए 6 प्रतिशत आरक्षण रिजर्व करने की मांग लम्बे समय से की जा रही है। इसका परीक्षण करवाया जाएगा। साथ ही, गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान में जातिगत जनगणना करवाने के पक्ष में है। सरकार की यह मंशा है कि जिसका जितना हक है, उसको उतना हक मिले।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि मानगढ़ क्षेत्र स्थित भैरवजी मंदिर पर पुल बनेगा। इसमें 37 करोड़ रुपये व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत 2000 बाहरी शिक्षकों के तबादले का निर्णय लिया है। इससे अब इस क्षेत्र के शिक्षकों को पढ़ाने का अवसर मिलेगा। टीएसपी क्षेत्र के साथ प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी मां-बाड़ी केंद्र खोले जाएंगे। आदिवासी क्षेत्र सहित प्रदेश के एक लाख बच्चे छात्रावासों में रहकर पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए छात्रावासों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी।
इससे पूर्व राहुल गांधी ने अन्नपूर्णा फूड पैकेट और स्मार्टफोन योजना के लोगो का अनावरण करते हुए एक लाभार्थी को पैकेट और स्मार्टफोन वितरित किया। समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राहुल गांधी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए। साथ ही परिक्रमा कर शहीद आदिवासी गुरुभक्तों को श्रद्धांजलि दी। सांसद गांधी ने सभा स्थल पर राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस दौरान सांसद ने स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सदस्य महिला रूकमणी कटारा के हाथ पर चोट देखकर कुशलक्षेम भी पूछी।
इस अवसर पर गांधी ने एसएचजी की स्टाॅल पर महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने उड़ान योजना के तहत सैनेटरी नैपकिन बनाने की प्रक्रिया सहित अन्य जानकारी ली। इस पर नारी शक्ति क्लस्टर संगठन सज्जनगढ़ और बिलड़ी क्लस्टर संगठन डूंगरपुर की महिलाओं ने सम्पूर्ण जानकारी दी। महिला सदस्यों ने बताया कि 10-10 महिलाएं उड़ान योजना के तहत सैनेटरी नैपकिन यूनिट की स्थापना कर निर्माण व पैकिंग का कार्य कर रही है। इसमें राज्य सरकार द्वारा प्रति नैपकिन 3 रुपये 30 पैसे प्रदान किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि क्लस्टर संगठन को कुल 2 लाख 82 हजार नैपकिन के वितरण का लक्ष्य था, जिसमें 2 लाख 50 हजार का वितरण स्कूलों में किया जा चुका है।



