
अमेरिका 72 करोड़ डॉलर की नई सैन्य सहायता यूक्रेन को देगा
वाशिंगटन- 16 अक्टूबर। यूक्रेन पर रूस के लगातार हमलों और भारी तबाही के बीच अमेरिका ने यूक्रेन के लिए 72.5 करोड़ डॉलर के नई सैन्य सहायता की घोषणा की है।
अमेरिका की तरफ से मिलने वाली इस सहायता का उद्देश्य रूसी हमले से यूक्रेन की सुरक्षा करना है। यह जानकारी अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने दी है। नई सैन्य सहायता का फैसला यूक्रेन में इसी सप्ताह हुए दो बड़े हवाई हमलों के मद्देनजर किया गया है। इसमें रूसी सेना के मुकाबले के लिए जरूरी सैन्य सामग्री देने की रणनीति अपनाई गई है।
नई सहायता में हाई स्पीड एंटी रेडिएशन मिसाइलें और गाइडेड गोले दागने वाली तोपें होंगी भी होंगी। बड़ी मात्रा में घायल सैनिकों की चिकित्सा की सामग्री होगी। इस सहायता के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन ने सलाहकारों से विचार विमर्श के बाद आदेश जारी किया है।
24 फरवरी को रूसी हमला शुरू होने के बाद से अमेरिका 17.5 अरब डालर से ज्यादा की सैन्य सहायता यूक्रेन को दे चुका है। ब्रसेल्स में नाटो के रक्षा मंत्रियों की बैठक में लिए निर्णय के अनुरूप अमेरिका और जर्मनी इसी महीने एयर डिफेंस सिस्टम यूक्रेन भेजेंगे।
ये सिस्टम रूसी मिसाइलों और ईरान में निर्मित कामिकाजे ड्रोन से यूक्रेन की रक्षा करेंगे। राष्ट्रपति बाइडन ने आपातस्थिति में कांग्रेस की स्वीकृति के बगैर अमेरिकी शस्त्रागार से हथियारों और गोला-बारूद की यूक्रेन को आपूर्ति का आदेश भी जारी कर दिया है। बाइडन ने अमेरिकी शस्त्रागार में रखे 3.7 अरब डालर के अतिरिक्त हथियार दिसंबर के मध्य तक यूक्रेन भेजने का निर्देश दिया है।



