कटिहार- 15 जनवरी। मकर संक्रांति पर्व पर जिले के मनिहारी, कोसी एवं काढ़ागोला गंगा के तट पर स्नान को लेकर रविवार सुबह से आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही नदी के किनार एवं इसके आसपास का क्षेत्र हर-हर गंगे, नमामि गंगे, नमामि माते के जयघोष से गंजयमान हो गया। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद अन्न, वस्त्र, द्रव्य का दान कर पुण्य का लाभ कमाया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मोक्ष प्रदायिनी मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाया जा रहा है। माना जाता है कि इसके पुण्य काल पर स्नान व दान पुण्य से लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।बीते एक सप्ताह से ठंड एवं कुहासे के बाद आज मकर संक्रांति के दिन सुबह से धूप निकल आया। जिस वजह से लोगों को ठंड और कपकपाती ठंड से राहत मिल गया है। बाजारों में चहल कदमी बढ़ गई है।
मौसम विभाग की माने तो मकर संक्रांति के बाद ठंड का दूसरा लहर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी से बिहार के सभी हिस्सों में एक बार फिर से तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट की संभावना व्यक्त की है। हालांकि, इस दौरान लोगों को घने कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी।
