पटना- 02 जनवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार यात्रा को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने तंज कसा है।उन्होंने कहा कि बिहार का तेरहवीं जब कर ही दी है तो फिर 14 वीं यात्रा करने की क्या जरूरत है। इसके बाद जदयू ने विजय सिन्हा के खिलाफ जमकर बयानबाजी की। जदयू ने कहा कि अब विजय सिन्हा अपनी राजनीतिक वजूद बचाने के लिए उल-जलूल बयान दे रहे हैं। जल्द ही उन्हें भाजपा साइड लाइन करने वाली है।
अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय में प्रेसवार्ता में विजय सिन्हा ने नीतीश कुमार की यात्रा पर कहा कि यह पहली यात्रा नहीं है, 13 बार यात्रा कर चुके हैं। बिहार की 13 वीं कर दी। तेरहवीं तो समझते ही हैं लोग, तेरहवीं यात्रा करने के बाद 14 वीं यात्रा नहीं होती है। मुख्यमंत्री जी, 13 यात्रा करने पर आपके सहयोगी दल ने सवाल उठाया था, जगदानंद सिंह ने कहा था कि यदि पहले की यात्रा उपयोगी होती तो यह यात्रा करने की जरूरत नहीं पड़ती। यात्रा के नाम पर पिकनिक मत मनाइए।
विजय सिन्हा ने कहा कि शराबबंदी के कारण किस तरह से अराजक स्थिति बनी हुई है, कितने लोग माफिया बन गए हैं। इसकी समीक्षा कीजिए। अपराधियों का गिरोह खड़ा कर दिया आपने। शराबबंदी की वजह से थाने के थाने करोड़पति और अरबपति हो गए। बिहार का गौरवशाली अतित लाने के लिए मैं अभियान शुरू करूंगा।
