सिलीगुड़ी- 23 दिसंबर। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली राजधानी ट्रेन से एक दंपति को सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दंपति का नाम सुशील कुमार सोनार (46) और मिकू सोनी (44) है। दंपति नॉर्थ 24 परगना की निवासी है। दंपति के पास से डीआरआई ने एक किलो 400 ग्राम सोना जब्त किया है। इसकी जानकारी शुक्रवार को डीआरआई की तरफ से दी गई।
डीआरआई सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को मिली सूचना पर गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली राजधानी ट्रेन में एनजेपी रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाया गया। इस दौरान कोच संख्या-4 में बैठे एक दंपति को संदेह के आधार पर तलाशी ली गई। इस दौरान महिला के हाथ में सिल्वर के दो मोटे-मोटे कड़े मिले। वहीं, पति के कमर में लगे बेल्ट के बकलस भी मेटल का पाया गया। जब इन चीजों का बारीकी से जांच किया गया तो यह सभी सोने के निकले।जिसे दंपति बड़ी शातिर तरीके से तस्करी कर ले जा रहा था। दंपति के पास से डीआरआई ने 72 लाख रुपये से अधिक के सोने को जब्त किया है। जब्त सोने का वजन एक किलो 400 ग्राम है। डीआरआई आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
