रांची- 15 दिसम्बर। रांची में भारत जोड़ो यात्रा 17 दिसम्बर को रांची के जिला स्कूल शहीद स्मारक में शहीदों को नमन करने के बाद निकाली जायेगी। रांची जिला महानगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ कुमार राजा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। राजा ने बताया कि यात्रा फिरायालाल चौक में शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा में माल्यार्पण करते हुए ओल्डएचबीरोड, लालपुर होते हुए बिरसा मुंडा की समाधि स्थल कोकर तक जाएगी।
रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ राकेश किरण महतो ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, नफरत तथा अलगाववादी ताकतों के विरुद्ध एक बुलंद आवाज है। यह यात्रा एक संकल्प है, उन सभी भारतीयों को साथ जोड़ने का जिन्हें भारत की विविधता, एकता एवं संविधान में विश्वास है।
प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में सामाजिक संगठन,एनजीओ तथा सभी वर्ग के लोग भाग लेंगे । कांग्रेस पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम में सभी जाति धर्म के लोगों को आमंत्रित किया गया है ताकि राजधानी रांची में होने वाली यह भारत जोड़ो यात्रा ऐतिहासिक बने।
यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर,कांग्रेस विधायक दल के नेता से आलमगीर आलम,भारत जोड़ो यात्रा अभियान के प्रदेश संयोजक सह पूर्व कैबिनेट मंत्री सुबोध कांत सहाय, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा,बंधु तिर्की,जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर,झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव,बन्ना गुप्ता,बादल पत्रलेख सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
