जयपुर- 13 दिसंबर। भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन 16 दिसंबर को पूरे होंगे। इस दिन शाम को 6:30 बजे जयपुर में भारत जोड़ो कंसर्ट का आयोजन होगा। इसमें गायिका सुनिधि चौहान प्रस्तुति देंगी। इससे पहले दौसा में हिमाचल प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायक और वहां के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।
कांग्रेस सांसद एवं पार्टी के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सवाई माधोपुर में जिस तरह से भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत हुआ है वैसा बहुत कम राज्यों में हुआ है। सुबह 5:45 से क़रीब 10 बजे तक ज़बरदस्त हूजूम यात्रा के स्वागत के लिए आया था। इसमें 60 फीसदी से ज़्यादा महिलाएं थी। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को दोपहर एक बजे दौसा ज़िले में राहुल गांधी प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे। पहले यह प्रेस कॉन्फ्रेंस 18 दिसंबर को होने वाली थी लेकिन अब 16 तारीख को होगी, क्योंकि इस दिन भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होंगे। इसके बाद 19 दिसंबर को अलवर में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी है।
प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में बच्चे, वृद्ध, युवा, महिला तथा सभी धर्म एवं जाति के लोग एक साथ भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे हैं। यहां कोई भेदभाव नहीं है। यहीं वह भारत है जिसकी परिकल्पना आज़ादी के दीवानों ने की थी, महात्मा गांधी ने की थी। पिछले आठ सालों में नफ़रत का जो माहौल बना है उसने देश को नुक़सान पहुंचा है। निराशा का माहौल बना है। लोगों को लग रहा था कि उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। ऐसे में राहुल गांधी से उम्मीद जगी है। लोगों को लग रहा है कि कोई तो है जो उनकी सुनने निकल रहा है।
