सहरसा- 05 दिसंबर। मधुबनी सदर अनुमंडल पदाधिकारी के विरोध में सोमवार को जिला के सभी किसान सलाहकार,एटीएम,बीटीएम,कृषि समन्वयक,प्रखंड उद्यान पदाधिकारी,प्रखंड कृषि पदाधिकारी,परामर्शी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं सहायक निर्देशक ने संयुक्त रुप से कृषि कार्यालय पर प्रदर्शन किया । धरने में मधुबनी जिला कृषि पदाधिकारी के समर्थन एवं मधुबनी सदर अनुमंडल पदाधिकारी के विरोध में नारे लगाकर रोष प्रदर्शन किया।
जिला कृषि पदाधिकारी ज्ञान चंद्र शर्मा ने कहा कि डीएओ मधुबनी के साथ सदर मधुबनी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। उन्होने बताया की मधुबनी में खाद दुकान सील करने के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने जिला कृषि पदाधिकारी एवं उप परियोजना निदेशक,आत्मा को गाली-गलौज कर थप्पड़ से वार किया। यह सरकारी सेवा संहिता एवं मानवता के विरूद्ध है। इससे पूरे बिहार के कृषि पदाधिकारियों की गरिमा एवं आत्म सम्मान को बहुत ठेस पहुंची है। जिसको लेकर बिहार कृषि सेवा संघ के आह्वान पर बिहार किसान सलाहकार सेवा संघ, बिहार आत्मा कर्मी संघ एवं बिहार कृषि समन्वयक सेवा संघ ने विरोध प्रदर्शन किया।
