रांची- 10 अगस्त। भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अनजान ने कहा कि बिहार में सत्ता परिवर्तन देश में सत्ता परिवर्तन की राह देगा। बिहार में भारतीय जनता पार्टी और जदयू की सरकार बिखरने के बाद राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल यूनाइटेड, कांग्रेस पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टियों ने मिलकर जो मोर्चा बनाया है, वह एक स्थाई मोर्चा होगा।
बिहार के पार्टी प्रभारी अनजान ने कहा कि पिछले आठ महीनों से भाजपा को सरकार से बाहर कर विकास को नई गति देने के लिए पार्टी कार्य कर रही थी और वह इरादा पूरा हुआ । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन के दल बिहार संदेश को देशभर में नया संदेश देंगे और यह सरकार भाजपा की केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से अलग जन भावनाओं और जनता की सरकारों की सरकार बनकर उभरने का प्रयास करेगी। बिहार महागठबंधन सरकार विधानसभा में दो तिहाई बहुमत हासिल करेगी और भारतीय जनता पार्टी को तोड़फोड़ की कार्रवाई या महाराष्ट्र जैसी गतिविधि करने का मौका बिहार में नहीं मिलेगा।
